Uncategorized

गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा द वर्डेंट पब्लिक स्कूल, भव्य कार्यक्रम का आयोजन

26 जनवरी

गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा द वर्डेंट पब्लिक स्कूल, भव्य कार्यक्रम का आयोजन

पूरनपुर,पीलीभीत। नगर के शेरपुर रोड स्थित द वर्डेंट पब्लिक स्कूल में 76वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे झंडों, गुब्बारों और देशभक्ति संदेशों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही विद्यालय में उत्सव का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरुण कुमार, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (ग्राम न्यायालय) एवं विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार पाण्डेय, बैंक मैनेजर (यूपी ग्रामीण बैंक) रहे। अतिथियों का स्वागत विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि अरुण कुमार जी एवं विद्यालय के प्रबंध निदेशक असद खान द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ तिरंगे को सलामी दी गई, जिससे पूरा परिसर देशप्रेम के भाव से गूंज उठा।ध्वजारोहण के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। बच्चों ने मनमोहक देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, एकल नृत्य, प्रेरणादायी भाषण, नाटक एवं कविता पाठ के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संविधान के महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इन कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा वातावरण गूंज उठा।इसके अतिरिक्त पूरनपुर क्षेत्र के साबरी आहते एवं रामलीला मैदान में भी बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर कार्यक्रम का आनंद लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सामाजिक समरसता, एकता और अखंडता का संदेश दिया।मुख्य अतिथि अरुण कुमार जी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है, जिसके मूल्यों को अपनाकर ही हम एक सशक्त, समृद्ध और न्यायपूर्ण राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन जीने, समय का सदुपयोग करने और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों को अनावश्यक रूप से स्मार्टफोन के उपयोग से बचने की सलाह देते हुए कहा कि शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों पर अधिक ध्यान देना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके।विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार पाण्डेय ने कहा कि आज का छात्र ही कल का जिम्मेदार नागरिक है। बच्चों को ईमानदारी, मेहनत और सेवा भाव को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षिक एवं संस्कारात्मक प्रयासों की सराहना की।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय पर्वों का आयोजन बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करता है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन शिक्षिका फरहा खान द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!