लोकतंत्र की शक्ति का उत्सव: पीलीभीत में हर ओर गणतंत्र दिवस की रौनक, शान से फहराया तिरंगा

लोकतंत्र की शक्ति का उत्सव: पीलीभीत में हर ओर गणतंत्र दिवस की रौनक, शान से फहराया तिरंगा
पीलीभीत। जिलेभर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी व निजी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर संविधान और लोकतंत्र के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। प्रमुख रूप से कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय सहित पूरनपुर, मरौरी, बीसलपुर, बिलसंडा, अमरिया, ललौरीखेड़ा, बरखेड़ा ब्लॉक और बीआरसी कार्यालयों में तिरंगा फहराया गया।गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय परिसर में विशेष ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. दलजीत गुरभाग सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनसेवा की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों को पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।कार्यक्रम में जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया और सभी ने देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।उधर, जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरियां निकालकर देशभक्ति गीतों, नारों और झांकियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। बच्चों के जोश और उमंग ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।दिनभर पूरे जिले में तिरंगे की छटा, देशभक्ति के नारों और संविधान के प्रति सम्मान की भावना देखने को मिली। गणतंत्र दिवस का यह पर्व पीलीभीत में लोकतंत्र की शक्ति, एकता और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में यादगार बन गया।




