Uncategorized
खेलों से सशक्त होगी पुलिस फोर्स, पीलीभीत पुलिस लाइन में प्रदेश का प्रथम पिकलबॉल कोर्ट का उद्घाटन

खेलों से सशक्त होगी पुलिस फोर्स, पीलीभीत पुलिस लाइन में प्रदेश का प्रथम पिकलबॉल कोर्ट का उद्घाटन
पीलीभीत।जनपद पीलीभीत की पुलिस लाइन में शुक्रवार को प्रदेश के प्रथम पिकलबॉल कोर्ट का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में एक नई पहल देखने को मिली।आधुनिक खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पारंपरिक खेलों के साथ-साथ नवीन खेलों को भी विभागीय गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है, उसी क्रम में यह पिकलबॉल कोर्ट स्थापित किया गया है।पिकलबॉल कोर्ट का उद्घाटन ऑल इंडिया वेटलिफ्टिंग विनर महिला आरक्षी उर्वशी द्वारा किया गया। महिला आरक्षी उर्वशी ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से न केवल जनपद बल्कि पूरे विभाग का नाम रोशन किया है। उन्होंने वर्ष 2019 में सातवां स्थान, वर्ष 2023 में पांचवां स्थान तथा वर्ष 2025 में तृतीय स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि के फलस्वरूप उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान किया गया है। उनके खेल प्रदर्शन में स्क्वाट 144 किलोग्राम, डैड लिफ्ट 150 किलोग्राम एवं बेंच प्रेस 60 किलोग्राम शामिल हैं, जो उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का प्रमाण है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक पीलीभीत ने कहा कि पुलिस कर्मियों का स्वस्थ रहना विभाग की प्राथमिकता है। तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच खेल न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करते हैं। पिकलबॉल जैसे आधुनिक खेल पुलिस कर्मियों में नई ऊर्जा और टीम भावना का विकास करेंगे।इस अवसर पर जिलाधिकारी पीलीभीत, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।अतिथियों ने पिकलबॉल कोर्ट का निरीक्षण कर इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में पुलिस लाइन में और भी आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पिकलबॉल कोर्ट के शुभारंभ से पीलीभीत पुलिस लाइन प्रदेश में एक नई पहचान स्थापित करेगी और पुलिस कर्मियों को स्वस्थ, सक्रिय एवं ऊर्जावान बनाए रखने में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।




