Uncategorized

पूरनपुर तहसील बना रणक्षेत्र, अधिवक्ता और क्लाइंट में मारपीट, बीच बचाव करती रही पुलिस, वीडियो वायरल

पूरनपुर तहसील बना रणक्षेत्र, अधिवक्ता और क्लाइंट में दिनदहाड़े मारपीट, वीडियो वायरल

पीलीभीत। मंगलवार को पूरनपुर तहसील मुख्यालय कानून और व्यवस्था की धज्जियां उड़ाता नजर आया। दोपहर करीब ढाई बजे तहसील परिसर उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब एक युवक और अधिवक्ता के बीच हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते जमकर हाथापाई में बदल गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र का एक युवक किसी कार्य से तहसील पहुंचा था। इसी दौरान उसकी एक अधिवक्ता से बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों खुलेआम एक-दूसरे पर टूट पड़े। एसडीएम कार्यालय के ठीक बाहर जमकर लात-घूंसे चले, जिससे तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तहसील जैसे संवेदनशील और न्यायिक स्थल पर लोग बेखौफ होकर कानून को हाथ में ले रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद क्राइम इंस्पेक्टर अशोक कुमार और अन्य पुलिसकर्मी झगड़ा शांत कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन उनके सामने ही काफी देर तक मारपीट होती रही।
बताया जा रहा है कि कुछ घंटे पहले ही अधिवक्ताओं और विद्युत कर्मचारियों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस तहसील पहुंची थी। इसके बावजूद उसी दिन दो बार मारपीट की घटनाओं ने तहसील को विवादों का अखाड़ा बना दिया। घटना के समय तहसील परिसर में बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद थे। मारपीट के चलते कामकाज ठप हो गया और लोगों में भय का माहौल बन गया। आमजन का कहना है कि तहसील परिसर में पहले भी विवाद होते रहे हैं, लेकिन दिनदहाड़े मारपीट का वीडियो सामने आना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर दोनों पक्षों की पहचान की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं अधिवक्ताओं और आम नागरिकों ने तहसील परिसर में स्थायी पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि तहसील जैसे न्यायिक स्थल की गरिमा को बचाया जा सके। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने बताया अधिवक्ता और क्लाइंट के बीच विवाद हुआ है। क्राइम इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया बच्चों के बीच झगड़ा हुआ है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!