खाद व्यापारी और मनरेगा लोकपाल भिड़े, धक्का- मुक्की का वीडियों वायरल
कलीनगर में हुई घटना, वायरल वीडियों ने पकड़ी रफ्तार

खाद व्यापारी और मनरेगा लोकपाल भिड़े, धक्का- मुक्की का वीडियों वायरल
कलीनगर में हुई घटना, वायरल वीडियों ने पकड़ी रफ्तार
पूरनपुर/पीलीभीत।कलीनगर में मनरेगा लोकपाल और खाद व्यापारी के बीच हुई तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में मनरेगा लोकपाल गेंदनलाल और व्यापारी मुकेश यादव व उनके पुत्र के बीच स्पष्ट रूप से नजर आ रही है। मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद लोग घटना का तमाशा देखते भी दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार घटना लगभग एक माह पुरानी बताई जा रही है। कलीनगर मेन चौराहा स्थित मुकेश यादव की खाद की दुकान पर मनरेगा लोकपाल गेंदनलाल अचानक बिना सूचना दिए गोदाम में घुस गए। इसी दौरान व्यापारी और उसके पुत्र ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में मुकेश यादव का पुत्र लोकपाल का हाथ पकड़े किसानों से सवाल करता नजर आ रहा है कि क्या किसी को खाद देने से मना किया गया है। वीडियो में उपस्थित किसान भी इस पर सहमति जताते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया कि विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज सैफ खान मौके पर पहुंचे थे। दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में समझौते का प्रयास भी किया गया। गौरतलब है कि दयालपुर निवासी गेंदनलाल को पिछले वर्ष ही मनरेगा लोकपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वे कलीनगर और पूरनपुर क्षेत्र में वकालत का कार्य करते थे। लोकपाल पर पहले भी प्रधानों और रोजगार सेवकों पर अनावश्यक दबाव बनाने के आरोप लग चुके हैं, जिसके चलते वे लगातार विवादों में घिरे रहते हैं। इस ताजा वायरल वीडियो ने एक बार फिर व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




