विहिप संगठन मंत्री पर मुकदमा दर्ज करने वाली एडीएम ऋतु पूनिया पर शासन की गाज, पद से हटाई गईं — मथुरा के प्रसून द्विवेदी की हुई तैनाती

विहिप संगठन मंत्री पर मुकदमा दर्ज करने वाली एडीएम ऋतु पूनिया पर शासन की गाज, पद से हटाई गईं — मथुरा के प्रसून द्विवेदी की हुई तैनाती
पीलीभीत। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के संगठन मंत्री प्रिंस गौड़ पर मुकदमा दर्ज कराने वाली एडीएम राजस्व एवं वित्त ऋतु पूनिया पर आखिरकार शासन की गाज गिर गई है। शासन ने उन्हें पीलीभीत से हटाकर प्रतीक्षारत सूची में डाल दिया है। वहीं मथुरा में तैनात एडीएम प्रसून द्विवेदी को पीलीभीत का नया एडीएम राजस्व एवं वित्त नियुक्त किया गया है।

ज्ञात हो कि 6 नवंबर को एडीएम ऋतु पूनिया ने प्रिंस गौड़ के विरुद्ध पीलीभीत कोतवाली में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। एडीएम ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया था कि प्रिंस गौड़ ने उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। इस कार्रवाई के बाद विहिप और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई थी। संगठन पदाधिकारियों ने इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित कदम बताते हुए पुलिस पर भी एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया था।विरोध के स्वर तेज होते ही विहिप और आरएसएस के नेताओं ने शासन से हस्तक्षेप की मांग की थी। मामला तूल पकड़ने पर शासन स्तर पर पूरे प्रकरण की समीक्षा कराई गई। इस बीच पुलिस ने न्यायालय में अर्जी दाखिल कर आरोपी पर लगाई गई गंभीर धाराओं को हटाने का अनुरोध किया। मंगलवार को हुई सुनवाई में अदालत ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए गंभीर धाराएं हटाने का आदेश दिया। इसके बाद आरोपी प्रिंस गौड़ की जमानत अर्जी पर भी सुनवाई हुई, जिसमें न्यायालय ने निजी मुचलका एवं दो जमानती शर्तों पर उनकी रिहाई का आदेश दिया।एडीएम की कार्रवाई को लेकर लगातार बढ़ रहे विरोध और शिकायतों के बाद बुधवार को शासन ने ऋतु पूनिया पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया। अब उनकी जगह मथुरा से स्थानांतरित एडीएम प्रसून द्विवेदी को पीलीभीत का नया एडीएम (राजस्व एवं वित्त) बनाया गया है। यह कदम जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।





