Uncategorized

सरकारी काम में बाधा, गाली-गलौज और धमकी- मंडी विवाद में किसान नेता पर मुकदमा दर्ज

सरकारी काम में बाधा, गाली-गलौज और धमकी- मंडी विवाद में किसान नेता पर मुकदमा दर्ज

पूरनपुर, पीलीभीतधान खरीद सत्र के बीच पूरनपुर मंडी में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। केंद्र प्रभारियों की तहरीर पर पुलिस ने किसान नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने धान खरीद के दौरान केंद्र प्रभारियों पर दबाव बनाया, अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना 31 अक्टूबर की शाम की है, जब मंडी परिसर में एक किसान ने बिना टोकन के अपना धान तौलने के लिए गिरा दिया था। इस पर केंद्र प्रभारियों ने आपत्ति जताई। तभी किसान नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी मौके पर पहुंचे और संबंधित किसान का धान तुलवाने का दबाव बनाया। बात बढ़ी तो मंडी में हंगामा खड़ा हो गया और धान की तौल रुक गई। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रदीप कुमार के साथ केंद्र प्रभारी शुभम तिवारी, शाइस्ता खानम, विनोद कुमार, गोविंद आदि ने कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में कहा गया है कि मंडी में आए दिन कुछ व्यक्ति केंद्र प्रभारियों से अभद्रता, धमकी और अभिलेखों से छेड़छाड़ करते हैं। ये लोग नियमों को दरकिनार कर बिना टोकन धान तौलवाने का दबाव बनाते हैं। विरोध करने पर बाहर देख लेने की धमकी दी जाती है। केंद्र प्रभारियों का कहना है कि पूर्व में भी एक व्यक्ति ने प्रभारी से मारपीट की थी। लगातार इस तरह की घटनाएं न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाल रही हैं बल्कि सरकार की छवि को भी धूमिल कर रही हैं। घटना के बाद शनिवार को खरीद पूरी तरह बंद रही। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रदीप कुमार की ओर से दर्ज मुकदमे में पुलिस से मांग की गई है कि मंडी परिसर में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और अन्य अराजक तत्वों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 221, 352 व 351(3) मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने चेताया है कि यदि भविष्य में धान खरीद में किसी ने अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!