शहर में सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी निगरानी : एसपी ने अधिकारियों संग किया फ्लैग मार्च व निरीक्षण

शहर में सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी निगरानी : एसपी ने अधिकारियों संग किया फ्लैग मार्च व निरीक्षण
पीलीभीत।जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक यादव के निर्देशन में उपजिलाधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी के साथ संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख बाजारों, पटाखा गोदामों व दुकानों की सघन चेकिंग एवं सुरक्षा निरीक्षण किया गया।इस दौरान अधिकारियों ने व्यस्त चौराहों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों एवं संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त व फ्लैग मार्च करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन व व्यापारियों से संवाद स्थापित किया तथा सभी से शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।निरीक्षण के दौरान ज्वैलर्स की दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बारूद एवं विस्फोटक पदार्थ के गोदामों, अमोनियम नाइट्रेट भण्डारण केंद्रों का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव भी प्राप्त किए गए ताकि आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक थाना सुनगढ़ी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित अन्य पुलिस बल सक्रिय रूप से मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के मद्देनजर सतर्कता एवं निगरानी में कोई ढिलाई न बरती जाए।




