शेरपुर कलां से उमरे के लिए जत्था हुआ रवाना, ग्रामीणों ने दी भावभीनी विदाई
पूरनपुर,पीलीभीत।ग्राम शेरपुर में बुधवार को धार्मिक उल्लास और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला जब गांव के प्रतिष्ठित निवासी मुशर्रफ अपने परिवार के साथ पवित्र उमरा यात्रा के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरे गांव में खुशी का माहौल रहा।
ग्रामीणों ने मुशर्रफ और उनके परिवार को फूल-मालाओं से लादकर शुभकामनाओं के साथ विदाई दी और उनके मंगलमय सफर की दुआएँ कीं।जानकारी के अनुसार, शेरपुर निवासी मुशर्रफ अपनी पत्नी, बेटे तालिव और बहू के साथ सऊदी अरब स्थित पवित्र मक्का-मदीना की यात्रा के लिए रवाना हुए।
उमरा इस्लाम धर्म में अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी यात्रा मानी जाती है, जिसे करने का अवसर जीवन में बहुत कम लोगों को प्राप्त होता है। मुशर्रफ परिवार के रवाना होने पर ग्रामवासियों ने उनके घर पहुंचकर उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और सुरक्षित यात्रा की कामना की।ग्रामीणों ने कहा कि मुशर्रफ परिवार का स्वभाव सादगीपूर्ण और समाजसेवा से प्रेरित है। वे हमेशा गांव की भलाई के कार्यों में आगे रहते हैं, इसलिए पूरे गांव को उन पर गर्व है। मुशर्रफ ने रवाना होने से पूर्व कहा कि वे अल्लाह के घर में अपने गांव, समाज, देश और समस्त मानवता के लिए अमन, सलामती और खुशहाली की दुआ करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों के प्रेम और सहयोग के लिए आभार भी जताया।इसी दौरान गांव के कैफ खां भी अपनी मां के साथ उमरा यात्रा पर रवाना हुए। ग्रामीणों ने उन्हें भी हार फूल पहनाकर शुभकामनाएं दीं। सभी ने अल्लाह से प्रार्थना की कि उनका सफर कुबूल हो और वे सकुशल लौटें।गांव में “लब्बैक अल्लाहुमा लब्बैक” की गूंज और अल्लाह की याद में उठे हाथों ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया।पूरा गांव इस पवित्र अवसर का साक्षी बना, जहां आस्था, प्रेम और एकता की मिसाल पेश हुई।