रेलवे स्टेशन के पास छात्रों की गुंडई, युवक को बेरहमी से पीटा, पुलिस जांच में जुटी

रेलवे स्टेशन के पास छात्रों की गुंडई, युवक को बेरहमी से पीटा, पुलिस जांच में जुटी
पूरनपुर, पीलीभीत। रेलवे स्टेशन के पास कुछ छात्रों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में आधा दर्जन से अधिक छात्र युवक पर लात-घूसे और बेल्ट से पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की जांच कर मारपीट करने वाले छात्रों को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार, सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के जोगराजपुर स्थित सेवाराम नत्थू लाल इंटर कॉलेज के एक छात्र का सेहरामऊ रेलवे स्टेशन पर मढाखुर्द कलां निवासी एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि युवक ने पहले छात्र की पिटाई की और मौके से भागने का प्रयास किया। इसके बाद छात्रों ने उसका पीछा कर उसे सेहरामऊ उत्तरी रेलवे में आम के बाग के पास पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद आधा दर्जन छात्रों ने युवक की लात घूसों और बेल्टों से जमकर पिटाई की। इस पूरी घटना को किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।मारपीट की सूचना मिलने पर कॉलेज के अध्यापक भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले को शांत कराया। वही वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सेहरामऊ उत्तरी थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और वायरल वीडियो भी मिला है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।




