यूपी

पीलीभीत में नए गन्ना क्रय केंद्र पर पहले ही दिन तौल विवाद, पुलिस की मध्यस्थता से सुलझा मामला

पीलीभीत में नए गन्ना क्रय केंद्र पर पहले ही दिन तौल विवाद, पुलिस की मध्यस्थता से सुलझा मामला

पूरनपुर,पीलीभीत।पूरनपुर क्षेत्र में गढ़ाकलां स्थित नए गन्ना क्रय केंद्र पर शनिवार को उद्घाटन के साथ ही तौल प्रक्रिया को लेकर किसानों और मिल कर्मचारियों के बीच तीखा विवाद खड़ा हो गया। यह केंद्र हाल ही में गुलरिया चीनी मिल से संबद्ध किया गया है, जिसका शुभारंभ गोविंद सदन चलतुआ आश्रम के प्रबंधक गुरमीत सिंह द्वारा किया गया था। विवाद की जड़ सामान्य प्रजाति के गन्ने की खरीद थी। उद्घाटन के कुछ ही देर बाद, एक किसान अपनी ट्रॉली में सामान्य गन्ना लेकर तौल कराने पहुंचा। किसान का आरोप था कि केंद्र पर मौजूद मिल कर्मी सामान्य गन्ने की तौल करने से स्पष्ट मना कर रहे थे। इससे नाराज होकर किसान ने अपनी गन्ने से भरी ट्रॉली को कांटे पर ही खड़ा कर दिया, जिससे तौल प्रक्रिया पूरी तरह बाधित हो गई। इस घटना से अन्य किसानों में भी भारी असंतोष फैल गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और समझौता कराने का प्रयास किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। पुलिस ने विवाद को शांत करते हुए किसान की ट्रॉली को कांटे से हटवाया, जिसके बाद क्रय केंद्र पर तौल का काम पुनः शुरू हो सका। सेंटर सुपरवाइजर प्रदीप पाठक ने बताया कि विवाद मुख्य रूप से अर्ली और सामान्य पर्ची को लेकर था। उन्होंने स्वीकार किया कि पुलिस की मदद से इस गतिरोध को सुलझा लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अब केंद्र पर निष्पक्ष और सुचारू रूप से तौल जारी रहेगी। स्थानीय किसानों ने बताया कि यह क्रय केंद्र पहले गोला गोकर्णनाथ बजाज चीनी मिल से जुड़ा हुआ था, लेकिन भुगतान में देरी के चलते किसान लंबे समय से परेशान थे। गुलरिया चीनी मिल से संबद्ध होने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन पहले ही दिन हुए विवाद से वे थोड़े चिंतित भी दिखे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!