भाकियू चढ़ूनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने धीमी गति से धान खरीद पर जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी

भाकियू चढ़ूनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने धीमी गति से धान खरीद पर जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
पीलीभीत। पूरनपुर मंडी समिति में धान खरीद क्रय केंद्रों पर चल रही अनियमितताओं और धीमी गति से हो रही खरीद को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह चढ़ूनी स्वयं मंडी समिति पहुंचे और मौके पर किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। किसानों ने बताया कि मंडी में धान की खरीद की रफ्तार बहुत धीमी है, जिसके कारण उन्हें कई दिनों तक अपनी उपज मंडी में फंसी रखनी पड़ रही है। इसके अलावा तौल के बाद भुगतान में भी लगातार देरी की शिकायतें सामने आई हैं। चढ़ूनी ने मंडी परिसर का निरीक्षण किया और खरीदी व्यवस्था पर गहरा असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि “सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि किसानों को सिर्फ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।” उन्होंने कहा कि मंडी में पर्याप्त तौल केंद्रों की कमी, धान के उठान में देरी और भुगतान न होने जैसी समस्याएं बेहद गंभीर हैं। भाकियू नेता ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो संगठन बड़े आंदोलन की तैयारी करेगा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि किसानों की फसल का तुरंत क्रय एवं भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान मंडी परिसर में मौजूद रहे और “किसान एकता जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे। मौके पर डिप्टी आरएमओ, एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।




