विकसित भारत बिल्डथॉन 2025 : विद्या मंदिर में छात्रों ने दिखाया नवाचार का उत्साह

विकसित भारत बिल्डथॉन 2025 : विद्या मंदिर में छात्रों ने दिखाया नवाचार का उत्साह
पूरनपुर,पीलीभीत। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत बिल्डथॉन 2025’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पूरनपुर में बड़े उत्साह के साथ देखा गया। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने एलसीडी स्क्रीन पर इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में भागीदारी की और नए विचारों के आदान-प्रदान से प्रेरणा ली।
प्रधानाचार्य संजय मिश्रा ने बताया कि यह कार्यक्रम देशभर में एक साथ आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत बिल्डथॉन छात्रों को आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल और समृद्ध भारत की दिशा में सोचने और योगदान देने की प्रेरणा देता है।”कार्यक्रम का प्रसारण सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुआ, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री सहित देशभर के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। विद्यार्थियों ने टीम बनाकर पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन जैसे विषयों पर अपने मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं व छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस कार्यक्रम ने उन्हें अपने देश के विकास में योगदान देने की नई दिशा दी। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय में देशभक्ति और नवाचार की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।




