शेरपुर से जयपुर जा रहे मजदूरों पर टूटा कहर, बस में लगी आग तीन की मौत, कई घायल
स्थानीय लोगों ने बचाए कई यात्रियों की जान, घायलों को जयपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया

शेरपुर से जयपुर जा रहे मजदूरों पर टूटा कहर, बस में लगी आग तीन की मौत, कई घायल
स्थानीय लोगों ने बचाए कई यात्रियों की जान, घायलों को जयपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया
पूरनपुर,पीलीभीत।पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कला में उस समय कोहराम मच गया जब जयपुर जा रही मजदूरों से भरी बस हाइटेंशन बिजली लाइन के तारों की चपेट में आ गई। हादसे में शेरपुर मोहल्ला नौगमा निवासी नसीम मियां और उनकी बड़ी पुत्री सेनम (20) सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के समय बस में करीब 65 मजदूर सवार थे जो पूरनपुर और आसपास के गांवों से राजस्थान के जयपुर के पास स्थित ईंट भट्टों पर मजदूरी करने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार शेरपुर कला मोहल्ला नौगमा निवासी नसीम मियां अपनी पत्नी नजमी, पुत्री सेनम (20), सहरुन (18), पुत्र फैजान और अजहर के साथ बस में सवार थे। बस में उनके रिश्तेदार नूर मोहम्मद निवासी पंजाशाह गौटिया का परिवार भी मौजूद था। तीसरा परिवार जलालुद्दीन की पत्नी जेमुन निशा का था, जिनके साथ पुत्र सलीम, समीर, सबील और पुत्री नाजिस थीं। चौथा परिवार रहीस और उनकी पत्नी आरफा के साथ उनके पुत्र एहसान, अनीस, रहमान और गोद में बच्चा सवार थे। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 15 यात्री शेरपुर कला के थे, जबकि बाकी पूरनपुर के पंजाशाह गौटिया मोहल्ले से थे। सभी मजदूर गांव ढका जा निवासी ठेकेदार मुश्ताक के माध्यम से ईंट भट्टे पर काम करने के लिए जा रहे थे। सोमवार की शाम करीब आठ बजे वे बस से जयपुर के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में मनोहरपुर के पास बस हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे बस में आग लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, वहीं घायलों को इलाज के लिए जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




