शेरपुर कला के दो लोगों की बस में जलकर मौत शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

शेरपुर कला के दो लोगों की बस में जलकर मौत शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
पूरनपुर,पीलीभीत।पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कला में उस समय मातम पसर गया जब जयपुर मजदूरी करने गए गांव के दो लोगों की बस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ जब मजदूरों से भरी बस हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई, जिससे बस में आग लग गई।जानकारी के अनुसार, शेरपुर कला गांव निवासी नसीम मियां अपनी बड़ी पुत्री सोनम (25 वर्ष) के साथ जयपुर मजदूरी करने के लिए निकले थे। रास्ते में बस जब राजस्थान सीमा के पास पहुंची, तभी अचानक ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन बस से टकरा गई। देखते ही देखते बस में भीषण आग लग गई। कई यात्रियों ने किसी तरह खिड़कियां तोड़कर अपनी जान बचाई, लेकिन नसीम मियां और सोनम बस के भीतर फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था ।बुधवार सुबह शव गांव पहुंचे तो शेरपुर कला में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि नसीम मियां काफी मेहनती व्यक्ति थे और रोजी-रोटी के लिए बाहर जाते थे। बेटी सोनम भी पिता के साथ मजदूरी में हाथ बंटाती थी।परिवार की महिलाएं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है।
यह बहुत दर्दनाक हादसा है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सरकार से हमारी मांग है कि मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
पुर्व कार्यवाहक प्रधान जावेद खान शेरपुर कला




