साइबर हेल्पडेस्क की बड़ी सफलता,बरखेडा पुलिस ने ठगे गए ₹1.05 लाख पीड़ित को दिलाए वापस

साइबर हेल्पडेस्क की बड़ी सफलता,बरखेडा पुलिस ने ठगे गए ₹1.05 लाख पीड़ित को दिलाए वापस
पूरनपुर,पीलीभीत।थाना बरखेडा पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने एक और सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को राहत पहुंचाई है। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवेदक के खाते से ठगे गए ₹1,05,000 सफलतापूर्वक वापस कराए। 21 सितंबर 2025 को थाना बरखेडा में एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत संख्या 33109250124868 दर्ज कराई गई थी।शिकायतकर्ता गौतम कुमार ने बताया था कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनके नाम से फर्जी ई-वॉलेट बनाकर उनके खाते से कुल ₹1,10,000 की धोखाधड़ी की थी। ठगों ने यह रकम ई-वॉलेट के माध्यम से ट्रांसफर कर ली थी।शिकायत प्राप्त होने पर थाना बरखेडा पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।टीम ने ई-वॉलेट के नोडल अधिकारियों और संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क कर ठगी गई रकम पर तुरंत होल्ड लगवाया। इसके बाद लगातार फॉलोअप और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए ₹1,05,000 की राशि आवेदक गौतम कुमार के खाते में वापस कराई गई।इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार (प्रभारी निरीक्षक) तथा व0उ0नि0 महेन्द्र सिंह सहित थाना बरखेडा की साइबर हेल्पडेस्क टीम का प्रमुख योगदान रहा।टीम की इस सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली से पीड़ित को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।थाना बरखेडा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर अपनी बैंक जानकारी या ओटीपी साझा न करें। किसी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या NCRP पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।थाना बरखेडा में साइबर हेल्पडेस्क टीम द्वारा पीड़ित गौतम कुमार को वापस कराए गए ₹1,05,000 की राशि का चेक सौंपते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार व टीम सदस्य।




