पुलिस ने चौपाल लगाकर साइबर अपराध से बचाव और नए कानून के बारे में किया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के तहत गांव पहुंचकर महिलाओं बालिकाओं को बताएं हेल्पलाइन नंबर

पुलिस ने चौपाल लगाकर साइबर अपराध से बचाव और नए कानून के बारे में किया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के तहत गांव पहुंचकर महिलाओं बालिकाओं को बताएं हेल्पलाइन नंबर
पूरनपुर, पीलीभीत।पीलीभीत के सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत क्षेत्र के ग्राम जगतपुर और गढ़ाकलां में शुक्रवार दोपहर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान, साइबर अपराधों से बचाव और नए आपराधिक कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल सपना कुमारी और पारुल ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना है, ताकि वे किसी भी हिंसा या अपराध की स्थिति में पुलिस की सहायता ले सकें। उन्होंने 1090, 181, 112, 1930 और 108 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और आपात स्थिति में इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।पुलिस टीम ने उपस्थित छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए। इसमें फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड, फेक कॉल और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से जुड़े खतरों के बारे में विस्तार से समझाया गया।नए आपराधिक कानूनों पर भी चर्चा हुई। पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम में किए गए नए प्रावधान आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाए गए हैं।इस जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्र-छात्राएं, अध्यापक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पुलिस टीम ने सभी से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि समाज में अपराधमुक्त वातावरण का निर्माण हो सके।




