परमीशन मिलने पर माधोटांडा में निकली महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा
देवी-देवताओं की झांकियों से गूंजा नगर

परमीशन मिलने पर माधोटांडा में निकली महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा
देवी-देवताओं की झांकियों से गूंजा नगर
पूरनपुर/पीलीभीत। काफी जद्दोजहद के बाद 1 घंटे की परमिशन मिलने पर माधोटांडा में बाल्मीकि जयंती पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया बैंड बाजों की धुन पर भक्त थिरकते देखे गए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी पुलिस अशोक पाल सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर माधोटांडा में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के रंग में सराबोर माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के अलावा अन्य लोगो द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती यह यात्रा आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस दौरान नगर में वातावरण ‘जय वाल्मीकि’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा। यात्रा में भगवान वाल्मीकि, भगवान श्रीराम, माता सीता, हनुमान जी, शिव-पार्वती, और अन्य देवी-देवताओं की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकियों को सजाने में स्थानीय कलाकारों ने विशेष योगदान दिया।
नगरवासियों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की और जलपान की व्यवस्था भी की। कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों ने समाज में समानता, भाईचारे और सेवा भाव का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक पुत्र ऋतुराज पासवान, कुलदीप मिश्रा, हृदेश त्रिगुनायत, मनोज राठौर सहित नगर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया और वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पूरी शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी। दोपहर तक परमिशन न मिलने पर लोग तहसील में काफी देर तक मौजूद रहे। इसके बाद 1 घंटे की परमिशन मिलने पर यात्रा निकाली गई।




