पूरनपुर में वैश्यावृत्ति पर मोहल्लेवासियों का फूटा गुस्सा

पूरनपुर में वैश्यावृत्ति पर मोहल्लेवासियों का फूटा गुस्सा
पीलीभीत। नगर के एक मोहल्ले में शनिवार दोपहर वैश्यावृत्ति के आरोपों को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। दोपहर लगभग एक बजे स्थानीय लोगों ने आरोपित महिला के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए उसे मोहल्ले से हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर भी फूटा, क्योंकि शिकायतों के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मोहल्ले में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं, जिससे स्थानीय परिवारों और महिलाओं को असुरक्षा की भावना हो रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक और पुलिस प्रशासन को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिला।इसी बीच मामले पर भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “जहां एक ओर सरकार नारी सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा के लिए सतत प्रयासरत है, वहीं ऐसी गंभीर शिकायतों पर प्रशासन का उदासीन रवैया बेहद चिंता का विषय है।” उन्होंने अधिकारियों से तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।मोहल्ले वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया, तो वे आंदोलन तेज करेंगे और मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे।




