मुकदमा वापस न होने पर राइस मिलर नहीं करेंगे कारोबार, किसान नेताओं पर रंगदारी मांगने का आरोप

मुकदमा वापस न होने पर राइस मिलर नहीं करेंगे कारोबार, किसान नेताओं पर रंगदारी मांगने का आरोप
भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष पर फायरिंग में राइस मिलर सहित दो पर मुकदमा
पूरनपुर, पीलीभीत। राइस मिलर एसोसिएशन के संरक्षक सहित दो पर केस दर्ज होने के बाद मिलर्स एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा। इस दौरान घटना झूठी बताकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने संगठन की आड़ में रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया है। धान खरीद विवाद के बीच किसान नेता पर फायरिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाकियू (चढ़ूनी) जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो पर फायर झोंकने के मामले में पुलिस ने राइस मिलर्स एसोसिएशन के संरक्षक अजमेर सिंह छीना और कुलदीप सिंह पन्नू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने आरोप लगाया कि अन्य पदाधिकारी भी इसमें शामिल थे और ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया गया। किसानों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उधर, राइस मिलर्स एसोसिएशन ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर सभी आरोपों को निराधार और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पलटवार करते हुए कहा कि किसान संगठन की आड़ में उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। मना करने पर विवाद शुरू हो गया है। मिलर्स के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था दिलाने की मांग की गई है। मिलर्स ने चेतावनी दी है कि जब तक उनके संरक्षक पर दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया जाता, तब तक वे कारोबार नहीं करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने बताया उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा जा रहा है। बीते दिनों मंडी में भी राइस मिलर्स से अभद्रता की गई। संरक्षक अजमेर सिंह छीना ने बताया उनके पदाधिकारियों से रंगदारी मांगी गई। मना करने पर शाम तक इसका रिजल्ट मिलने की धमकी दी गई। मौके पर किसी तरह की गोली नहीं चली है। घटनास्थल पर कैमरे लगे हैं। झूठी घटना बनाई गई है। जांच में इसका पर्दाफाश हो जाएगा। इस मौके पर राइस मिलर अजमेर सिंह छीना बृजेश गुप्ता, अशोक खंडेलवाल, हर्ष गुप्ता, सुखदेव जायसवाल, विनय गुप्ता, अमरजीत सिंह, शैलेंद्र गुप्ता सहित कई मिलर्स मौजूद रहे।




