मिल संचालक पर किसान से अवैध कटौती और जान से मारने की धमकी का आरोप
पूरनपुर के किसान ने कोतवाली में दी तहरीर, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग

मिल संचालक पर किसान से अवैध कटौती और जान से मारने की धमकी का आरोप
पूरनपुर के किसान ने कोतवाली में दी तहरीर, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
पूरनपुर,पीलीभीत।पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम शेखपुर दुधिया खुर्द निवासी किसान मनवीर सिंह पुत्र अजीत सिंह ने एग्रो फूड प्रोजेक्ट पूरनपुर के प्रबंधक नील गुप्ता उर्फ नितिन गुप्ता पर अवैध कटौती और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में किसान ने कोतवाली पूरनपुर में तहरीर देकर न्याय की मांग की है।
किसान मनवीर सिंह का कहना है कि उन्होंने 1 अक्टूबर 2025 को 153 क्विंटल 20 किलो गेहूं केडी राइस मिल में स्थित देव एग्रो फूड प्रोजेक्ट पूरनपुर में ₹2500 प्रति क्विंटल की दर से बेचा था। गेहूं बेचते समय मिल संचालक की ओर से नमी, मिक्चर और धर्मकांटा के नाम पर क्रमशः 1 प्रतिशत, 1 प्रतिशत और 1 प्रतिशत की कटौती की गई। इसके अलावा 3 प्रतिशत की अतिरिक्त अवैध कटौती कर कुल ₹11,401 रुपए काट लिए गए, जिससे किसान को कुल ₹3,71,599 की राशि मिली। मनवीर सिंह के अनुसार, जब उन्होंने इस अवैध कटौती के बारे में जानकारी मांगी तो नील गुप्ता ने टालमटोल करते हुए कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में किसान ने दोबारा संपर्क किया तो उसे गाली-गलौज करते हुए मिल पर दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। किसान का कहना है कि इस घटना से वह भयभीत है और उसे न्याय की उम्मीद में पुलिस की शरण लेनी पड़ी है। उसने पुलिस से अनुरोध किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए नील गुप्ता उर्फ नितिन गुप्ता और संबंधित मिल संचालकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए तथा लाइसेंस निरस्त किया जाए। गुरुवार किसान संगठन के स्थानीय पदाधिकारियों ने भी कहा है कि यदि इस तरह किसानों के साथ लूट जारी रही तो आंदोलन किया जाएगा। मामले की तहरीर कोतवाली में दी गई है।




