मानवता हुई शर्मसार- सुविधा शुल्क न देने पर नर्सों की लापरवाही से नवजात की मौत
पीड़ित पिता ने लगाई न्याय की गुहार, हिंदू संगठनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जताया रोष

मानवता हुई शर्मसार- सुविधा शुल्क न देने पर नर्सों की लापरवाही से नवजात की मौत
पीड़ित पिता ने लगाई न्याय की गुहार, हिंदू संगठनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जताया रोष
पूरनपुर,पीलीभीत।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर में रिश्वतखोरी का शर्मनाक चेहरा एक बार फिर उजागर हुआ है। सुविधा शुल्क न देने पर अस्पताल कर्मियों की कथित लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत उदरहा थाना घुंघचाई निवासी विशाल पुत्र रामस्वरूप की पत्नी सोनी ने 22 अक्टूबर 2025 को सीएचसी पूरनपुर में बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि डिलीवरी के बाद नर्सिंग स्टाफ ने नवजात की देखरेख के नाम पर ₹3000 “सुविधा शुल्क” मांगा। जब परिजन ने रकम देने से इंकार किया, तो नर्सों ने बच्चे की देखभाल में गंभीर लापरवाही बरती। इसी कारण बच्चे की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में नवजात ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद शोकाकुल पिता विशाल ने कोतवाली पूरनपुर में नामजद लिखित प्रार्थना पत्र देकर दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि पैसे की मांग पूरी न होने पर जानबूझकर नवजात को समय पर चिकित्सीय सहायता नहीं दी गई।वहीं, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी अस्पताल प्रशासन पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली को लेकर कड़ा रोष व्यक्त किया है। संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि अस्पताल में रिश्वतखोरी आम बात हो गई है, परंतु कार्रवाई के नाम पर सिर्फ लीपापोती होती रही है। हिन्दू संगठन के पदाधिकारी ने चेतावनी दी अगर इस बार दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो हम सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।”इस दर्दनाक घटना ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनहीनता पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक सरकारी अस्पतालों में ‘सुविधा शुल्क’ के नाम पर मरीजों की जिंदगी की कीमत वसूली जाती रहेगी?




