
महिला पुलिसकर्मियों ने हेल्पलाइन नंबरों व साइबर क्राइम से बचाव की दी जानकारी, पम्पलेट भी बांट
मैलानी, लखीमपुर खीरी।
नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान की गूंज बुधवार को रेलवे स्टेशन मैलानी पर भी सुनाई दी। अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी रेलवे द्वितीय के पर्यवेक्षण में जीआरपी थाना लखीमपुर व चौकी प्रभारी जीआरपी मैलानी उप निरीक्षक सुदेश कुमार ने अपने पुलिस बल, आरपीएफ स्टाफ तथा महिला पुलिस कर्मियों के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि यात्रा के समय सतर्कता कैसे बरती जाए, साइबर अपराधों से बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखा जाए और आवश्यकता पड़ने पर सरकारी हेल्पलाइन नंबरों से तुरंत मदद कैसे ली जा सकती है। इसके साथ ही मिशन शक्ति से संबंधित पम्पलेट और कार्ड भी वितरित किए गए।महिला हेड कांस्टेबल दीपमाला और महिला आरक्षी दीपिका त्यागी ने भी उपस्थित महिलाओं को विस्तृत जानकारी दी। पुलिस टीम ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर गंभीर है और इसीलिए मिशन शक्ति 5.0 के माध्यम से महिलाओं को न सिर्फ जागरूक किया जा रहा है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी भी बनाया जा रहा है।जागरूकता अभियान में विशेष रूप से महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर बताए गए जिनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 व 1091, सीएम हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, रेलवे हेल्पलाइन 139, आरपीएफ हेल्पलाइन 182, साइबर अपराध हेतु 1930, तथा एम्बुलेंस सेवा 108 व 102 शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों ने अपील की कि महिलाएं व बालिकाएं किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में घबराएं नहीं बल्कि तुरंत इन हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें।इस अवसर पर स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों ने भी अभियान की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है।



