मैलानी रेलवे स्टेशन पर चला ‘मिशन शक्ति’ जागरूकता अभियान
महिलाओं-बालिकाओं को दी गई नारी सुरक्षा व साइबर अपराध से बचाव की जानकारी

महिलाओं-बालिकाओं को दी गई नारी सुरक्षा व साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
मैलानी, लखीमपुर खीरी।
अपर पुलिस महानिदेशक महोदय के आदेश के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक रेलवे, अनुभाग लखनऊ के कुशल निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रेलवे द्वितीय के सफल पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी जीआरपी मैलानी उप निरीक्षक सुधेश कुमार के नेतृत्व में “मिशन शक्ति पंचम चरण” के तहत रेलवे स्टेशन मैलानी पर नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान में जीआरपी लखीमपुर के पुलिस बल के साथ आरपीएफ स्टाफ व थाना मैलानी खीरी की महिला कांस्टेबल प्रिया शर्मा और महिला आरक्षी शालिनी बिश्नोई ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को यात्रा के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों, साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।चौकी प्रभारी सुधेश कुमार ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों—112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 व 1091 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 139 (रेलवे), 182 (आरपीएफ), 1930 (साइबर क्राइम), 108 और 102 (एम्बुलेंस सेवा)—की जानकारी दी गई।अभियान के दौरान मिशन शक्ति से संबंधित पम्पलेट और कार्ड वितरित किए गए तथा महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी आपात स्थिति में उपरोक्त नंबरों पर तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।



