कटान पीड़ितों ने केंद्रीय राज्य मंत्री को पत्र भेज कर रोकने की लगाई गुहार

कटान पीड़ितों ने केंद्रीय राज्य मंत्री को पत्र भेज कर रोकने की लगाई गुहार
पूरनपुर,पीलीभीत।ट्रांस शारदा क्षेत्र में लगातार हो रहे भूकटान से ग्रामीणों का हाल बेहाल है। किसानों की फसलें और कृषि भूमि नदी में समाती जा रही हैं, जिससे ग्रामीण आर्थिक और सामाजिक संकट में फंसे हैं। ऐसे में पीड़ित किसानों ने केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद को पत्र भेजकर नदी कटान से बचाव की गुहार लगाई है।पीलीभीत के विकासखंड पूरनपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम शास्त्री नगर, हजारा, आजाद नगर और श्रीनगर में देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई सालों से शारदा नदी का कटान जारी है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा केवल खानापूर्ति की जाती रही है। इस कारण पच्चीस वर्षों से कटान की समस्या बनी हुई है।ग्रामीणों ने पत्र में कहा कि हर वर्ष वन विभाग की भूमि समेत किसानों की फसल और सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि शारदा नदी में समाती जा रही है। किसान इस संकट से प्रभावित होकर भूखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।पत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि शारदा नदी द्वारा हो रहे भूकटान को रोकने के लिए ठोस परियोजना बनाई जाए।किसानों की फसल और भूमि की क्षति का उचित मुआवजा दिलाया जाए।पत्र पर पूर्व प्रधान नगीना राम मंगरे लाल, राधेश्याम, लाल बहादुर सहित करीब पांच दर्जन किसानों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।ग्रामीणों का कहना है कि अब और इंतजार नहीं किया जा सकता, और सरकार से वास्तविक कदम उठाने की अपेक्षा है ताकि उनके जीवन और रोजगार पर मंडरा रहे संकट को रोका जा सके।




