किसानों की एकजुटता से ही बदलेगा हालात, अन्नदाता किसान यूनियन का हुआ विस्तार

किसानों की एकजुटता से ही बदलेगा हालात, अन्नदाता किसान यूनियन का हुआ विस्तार
पीलीभीत। अन्नदाता किसान यूनियन के विस्तार और संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से किसानों में जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में तहसील कलीनगर के अध्यक्ष सुखजीत सिंह के कीरतपुर स्थित आवास पर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रवक्ता सुखजीत सिंह औलख और प्रदेश महामंत्री बलजिंदर सिंह मौजूद रहे।बैठक में क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने अन्नदाता किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान पहुंचे पदाधिकारियों का किसानों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। संगठन के प्रतिनिधियों ने किसानों को उनकी समस्याओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए यूनियन के उद्देश्यों से परिचित कराया।प्रदेश प्रवक्ता सुखजीत सिंह औलख ने कहा कि “किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन आज भी उसे अपनी फसलों का उचित मूल्य और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। अब समय है कि किसान एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें।” जिला अध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने बताया कि संगठन का लक्ष्य है कि क्षेत्र का कोई भी किसान उपेक्षित न रहे, और उसकी हर समस्या का समाधान यूनियन के माध्यम से किया जाए। उन्होंने किसानों से संगठन से जुड़ने और अपनी एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सदस्यता ग्रहण करने वाले किसानों ने भी यूनियन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में संगठन को और विस्तार देने, किसानों की सुरक्षा और हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया गया।गुरुवार दोपहर तीन बजे जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने बताया कि सदस्यता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक किसान संगठन से जुड़कर अपने अधिकारों की लड़ाई को सशक्त बना सकें। कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता सुखजीत सिंह औलख, प्रदेश महामंत्री बलजिंदर सिंह, तहसील अध्यक्ष सुखजीत सिंह, जसविंदर सिंह, करनजीत सिंह, अमरजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित अनेक किसान व पदाधिकारी।




