कंबोज नगर में एसएसबी का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, कमांडेंट शेर सिंह चौधरी ने बच्चों को दिए प्रमाणपत्र
सीमा की सुरक्षा के साथ समाज को जोड़ रही है एसएसबी: कमांडेंट चौधरी

कंबोज नगर में एसएसबी का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, कमांडेंट शेर सिंह चौधरी ने बच्चों को दिए प्रमाणपत्र
सीमा की सुरक्षा के साथ समाज को जोड़ रही है एसएसबी: कमांडेंट चौधरी
पूरनपुर,पीलीभीत।भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पीलीभीत द्वारा संचालित सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर कंपनी कमांडेंट शेर सिंह चौधरी ने प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस कार्यक्रम में 75 प्रतिभागी बच्चों — जिनमें 60 लड़के और 15 लड़कियां शामिल रहीं — ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम के दौरान कंपनी कमांडेंट शेर सिंह चौधरी ने कहा कि एसएसबी सिर्फ सीमा की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य भी कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ सीमाओं की रक्षा करना नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना भी है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।उन्होंने बच्चों से कहा कि सेना या किसी भी रक्षा सेवा में भर्ती होने के लिए कड़ी मेहनत ही सबसे बड़ा माध्यम है। “भर्ती के लिए किसी की सिफारिश या पैसे की जरूरत नहीं होती। किसी के बहकावे में न आएं, बल्कि निरंतर परिश्रम करें सफलता निश्चित मिलेगी।यह सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय कंबोज नगर में 13 अक्टूबर से शुरू हुआ था, जिसका संचालन सीमा चौकी प्रभारी निरीक्षक रोबिन कुमार के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को शारीरिक प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व, प्राथमिक चिकित्सा, और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी गई।समापन अवसर पर बच्चों ने एसएसबी जवानों से प्रेरणादायक बातें साझा कीं और कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी भी लीं। बच्चों में रक्षा सेवाओं को लेकर खासा जोश और उत्साह देखा गया।समापन के दौरान कमांडेंट चौधरी ने सीमा चौकी प्रभारी रोबिन कुमार को निर्देश दिया कि वे ग्रामीणों को अगले सप्ताह टाटरगंज में शुरू होने वाले इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण कोर्स के बारे में जागरूक करें। साथ ही यह भी बताया कि क्षेत्र में युवाओं के लिए और कौन-कौन से रोजगारपरक कोर्स संचालित किए जा सकते हैं, इसकी रिपोर्ट तैयार कर वाहिनी मुख्यालय को भेजी जाए।कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक, ग्राम प्रधान, पत्रकार और एसएसबी के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने एसएसबी के इस प्रयास की सराहना की कि सुरक्षा बल न केवल सीमा की रक्षा कर रहा है बल्कि सीमावर्ती इलाकों के युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।कमांडेंट चौधरी ने उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि सीमावर्ती युवाओं को आत्मनिर्भर और राष्ट्रसेवा के लिए तैयार किया जा सके।




