गन्ना सट्टे की बहाली को लेकर किसानों ने गन्ना सचिव को सौंपा ज्ञापन

गन्ना सट्टे की बहाली को लेकर किसानों ने गन्ना सचिव को सौंपा ज्ञापन
पुराने गन्ना क्रय केंद्र गढ़ा कलां पर गन्ना सट्टे जोड़ने की मांग, बोले किसान-हरनहाई केंद्र पर तौल में हो रही दिक्कत
पूरनपुर, पीलीभीत।सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के दर्जनों गन्ना किसानों ने अपने गन्ना सट्टों की बहाली को लेकर गन्ना विकास समिति गोला खीरी के गन्ना सचिव को एक लिखित प्रार्थनापत्र सौंपा है।किसानों की मांग है कि उनका गन्ना पुनः गढ़ा कलां गन्ना क्रय केंद्र संख्या 110 पर तौला जाए, जहां पहले वर्षों से उनका गन्ना पर्ची के माध्यम से तौला जाता था।किसानों ने बताया कि पूर्व में उनका गन्ना गढ़ा क्रय केंद्र पर तौला जाता था, लेकिन कुछ तकनीकी व तौल संबंधी कारणों के चलते उनके सट्टे हरनहाई क्रय केंद्र से जोड़ दिए गए थे। इससे अब उन्हें तौल और परिवहन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि हरनहाई केंद्र दूर होने के कारण समय और धन दोनों की हानि हो रही है।गन्ना किसान निखिल मिश्रा, धीरज मिश्रा प्रवीन प्रताप सिंह,प्रदीप कुमार,विष्णु, एम.सी. द्विवेदी, गीता देवी, रंजीत,सुशील दीक्षित, कृष्ण कुमार, अमित, रामशंकर सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि उनका मूल निवास जनपद पीलीभीत के सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में है। क्षेत्र के लगभग 80 प्रतिशत किसान गढ़ा गन्ना क्रय केंद्र से ही वर्षों से जुड़े रहे हैं। किसानों ने मांग की है कि उनके सट्टे पहले की भांति गढ़ा क्रय केंद्र से जोड़े जाएं, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य समय से मिल सके।किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे गन्ना विकास समिति कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे। ग्रामीणों ने आशा जताई है कि प्रशासन उनकी समस्या पर गंभीरता से विचार करेगा और जल्द समाधान प्रदान करेगा।




