एल.बी.एस. इंटर कॉलेज, नेहरू नगर में नए आपराधिक कानूनों पर क्विज व निबंध प्रतियोगिता आयोजित

एल.बी.एस. इंटर कॉलेज, नेहरू नगर में नए आपराधिक कानूनों पर क्विज व निबंध प्रतियोगिता आयोजित
हजारा,पीलीभीत।शुक्रवार को थाना हजारा क्षेत्र स्थित एल.बी.एस. इंटर कॉलेज, नेहरू नगर में छात्रों को नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष क्विज व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर थाना हजारा पुलिस टीम के साथ-साथ शिक्षकों ने भी सहभागिता की। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता श्रीमती संगीता सक्सेना ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों में नागरिक अधिकारों को सशक्त बनाने, डिजिटल साक्ष्यों को मान्यता देने और न्यायिक प्रक्रिया को तीव्र गति से संचालित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नए कानूनों से संबंधित धाराओं, प्रमुख बदलावों तथा नागरिक जिम्मेदारियों पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “न्याय की नई दिशा नए आपराधिक कानूनों का प्रभाव” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रधानाचार्य ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि— “ऐसी प्रतियोगिताएँ युवाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती हैं।”इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक राजेश कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रवक्ता अनीता वर्मा ने दिया।यह आयोजन न केवल शिक्षाप्रद रहा बल्कि विद्यार्थियों में कानून के प्रति जिज्ञासा और जागरूकता का भाव भी जागृत कर गया।




