ट्रैक्टर पलटने से युवक की दर्दनाक मौत,दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: ट्रैक्टर पलटने से युवक की दर्दनाक मौत
पूरनपुर, पीलीभीत। सेहरामऊ थाना क्षेत्र के गांव चतीपुर निवासी आदर्श शुक्ला उर्फ सोनू (35) पुत्र राधेश्याम शुक्ला की सोमवार शाम ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आदर्श पिपरिया दुलई निवासी ग्रामीण के यहां नौकरी करता था। दीपावली पर्व पर वह घर गया था और सोमवार को खेत पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को खेत स्वामी ने उसे काम करने से मना करते हुए घर जाने को कहा, लेकिन उसने ट्रैक्टर स्टार्ट कर लिया। कुछ ही दूरी पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे आदेश उसके नीचे दब गया। ग्रामीणों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। दीपावली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




