विद्या मंदिर में ‘मिशन शक्ति-5.0’ कार्यक्रम में छात्रा बनी एक दिन की प्रधानाचार्या

विद्या मंदिर में ‘मिशन शक्ति-5.0’ कार्यक्रम में छात्रा बनी एक दिन की प्रधानाचार्या
पूरनपुर,पीलीभीत। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित मिशन शक्ति-5.0 कार्यक्रम के तहत विद्यालय की इंटरमीडिएट की छात्रा आकर्षिका मिश्रा ने एक दिन के लिए प्रधानाचार्य का पदभार ग्रहण किया और अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। कुर्सी पर बैठकर आकर्षिका मिश्रा ने प्रधानाचार्य के दायित्वों को समझा और विद्यालय की कार्यप्रणाली के अनुसार कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने सबसे पहले सभी विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों से पढ़ाए गए पाठ्यक्रम की जानकारी ली और विद्यालय कार्यालय का अवलोकन कर उसे दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। प्रधानाचार्य संजय मिश्रा ने एक दिन की प्रधानाचार्या आकर्षिका मिश्रा को पदभार ग्रहण कराकर शुभकामनाएं दी और उनके उत्साह की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं व शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना को विकसित करना बताया गया।




