टॉप न्यूज़यूपीराज्यलोकल न्यूज़

ट्रांस शारदा क्षेत्र में एसडीएम ने राजस्व टीम के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा

बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा, शासन से हरसंभव मदद दिलाने का दिया आश्वासन

बाढ़ पीड़ितों को वितरित किए भोजन के पैकेट

हजारा, पीलीभीत।

ट्रांस शारदा क्षेत्र में उप जिलाधिकारी पूरनपुर ने राजस्व टीम के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही शासन से हरसंभव मदद करने का आश्वासन भी दिया।पीलीभीत जनपद की पूरनपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ट्रांस शारदा क्षेत्र में बाढ़ व भू कटान की समस्या ने हजारा तथा शास्त्रीनगर गांवों के ग्रामीणों की चिंता बड़ा दी है। क्योंकि पिछले कई दिनों से पहाड़ों तथा मैदानी इलाकों में हो रही भारी बारिश का असर शारदा नदी के जलस्तर पर दिखाई दे रहा है । भारी बारिश के कारण बनबसा बैराज से शारदा नदी में रविवार तथा सोमवार को लगातार लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने से शारदा नदी उफान पर आ गई थी। जिसका नतीजा यह रहा कि ट्रांस शारदा क्षेत्र के अंतर्गत हजारा तथा शास्त्रीनगर गांव में बाढ़ का पानी खेतों से होता हुआ बहुत तेजी से लोगों के घरों में घुस गया था। जिससे प्राणदायिनी कहे जाने वाली शारदा नदी हजारा ग्राम तथा शास्त्रीनगर के ग्रामीणों के लिए एक बार फिर आफत का सबब बन गई है। अभी कुछ दिनों पहले बाढ़ की मार झेलने के बाद एक बार फिर लोगों को बाढ़ से जूझना पड़ रहा है। बाढ़ आने से उक्त दोनों गांवों के हालात बद से बदतर हो गये हैं। क्योंकि पिछले कई दिनों से इन गांवों से बाढ़ का पानी कम होने का नाम नहीं ले रहा था। रविवार शाम को बाढ़ के पानी की बढ़ने की आंशका को देखते हुए लोग अपने अपने घरों से जरूरी घरेलू सामान तथा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था । वहीं दूसरी ओर लोगों की धान, मूंगफली व गन्ने की फसलें बाढ़ के पानी में पूरी तरह से जलमग्न हो गई हैं।

वहीं शास्त्रीनगर तथा हजारा ग्राम की सड़कों पर तीन से चार फिट पानी हो गया था । जिससे ग्रामीणों को आने जाने में काफी परेशानीयों का सामना करना पड़ रहा है।

यहां हम आपको बता दें कि ट्रांस शारदा क्षेत्र बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। बरसात का सीजन शुरू होने से पहले शासन प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए बड़े-बड़े दावे किये थे । लेकिन यह दावे बाढ़ आने के दौरान सिर्फ और सिर्फ हवा हवाई साबित हुए हैं। क्योंकि हजारा ग्राम तथा शास्त्रीनगर गांवों में आज तक नाव की व्यवस्था नहीं हो पाई है । जो बाढ़ जैसी आपातकालीन स्थिति में सबसे महत्वपूर्ण साधन होता है। वहीं मंगलवार सुबह से ही हो रही मूसलाधार बारिश से लोगों का जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं मंगलवार को पूरनपुर एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने राजस्व विभाग की टीम के साथ प्रभावित गांव हजारा ग्राम तथा शास्त्रीनगर गांव का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उप जिलाधिकारी ने बाढ़ पीड़ितों को भोजन के पैकेट भी वितरण किये थे। वहीं एसडीएम ने ग्रामीणों से मुलाकात कर शासन की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन भी दिया था। इसके अलावा उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की समस्या होने पर राजस्व कर्मचारियों या पुलिस प्रशासन को तुरंत सूचित करें। इस दौरान मौके पर पूरनपुर नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित, हजारा थाना प्रभारी शरद यादव, लेखपाल रामेश्वर चौहान व श्याम मौर्या, भाजपा रामनगर मंडल अध्यक्ष विजय सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश शर्मा, ग्राम प्रधान शमशेर आलम, ग्राम प्रधानपति रामनगर सत्यप्रकाश सिंह, शास्त्रीनगर ग्राम प्रधान मनोज सिंह, ग्राम प्रधान श्रीनगर राधेश्याम राव दिनकर, मंडल उपाध्यक्ष रामप्रवेश कनौजिया, वरिष्ठ कार्यकर्ता बबलू तिवारी, प्रजा केयर फांउडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदर्श परिहार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

——————————————————-

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!