स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन

स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन
छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव- डॉ. संगीता अनेजा
ब्यूरो, पीलीभीत।
स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत से संबद्ध अस्पताल में स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में ट्रैफिक पुलिस हेड कांस्टेबल परवेज चैधरी ने उपस्थित 239 छात्राओं और नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।इस अवसर पर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी इंटर कॉलेज की छात्राएँ भी उपस्थित रहीं। छात्राओं ने यातायात नियमों का पालन करने एवं समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। महिला कांस्टेबल श्रीमती सरिता सिंह (मिशन शक्ति फेज-5) ने छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित जानकारी दी तथा अपराधों के प्रति माननीय मुख्यमंत्री जी की “जीरो टॉलरेंस” नीति को विस्तार से समझाया। डॉ. अरुण सिंह ने संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. पूजा सिंदवानी ने छात्राओं को घी, तेल एवं तली-भुनी वस्तुओं के सेवन को कम करने की शपथ दिलाई। डॉ. अरुणा सिंह ने ओरल हाइजीन एवं डेंटल केयर के बारे में जागरूक किया। डॉ. शालिनी ने कान, नाक और गला विभाग से संबंधित जानकारी साझा की। डॉ. माही फैज ने स्त्री रोग एवं प्रसूति के बारे में छात्राओं को जागरूक किया।अंत में, प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है, इसलिए प्रत्येक छात्र-छात्रा को स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।आज के इस शिविर में आपने विभिन्न स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधित ज्ञान प्राप्त किया है दृ इसे केवल जानकारियों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने जीवन में लागू करें और अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी जागरूक करें। याद रखिए, सशक्त और जागरूक छात्राएँ ही एक सशक्त और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण कर सकती हैं। मैं आप सभी से यही अपेक्षा करती हूँ कि आप अपने स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा का ध्यान रखते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।




