सिंचाई विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करे सरकार: गुरप्रीत सिंह
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने तहसीलदार से की वार्ता, ट्रांस शारदा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं पर उठाई आवाज

सिंचाई विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करे सरकार: गुरप्रीत सिंह
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने तहसीलदार से की वार्ता, ट्रांस शारदा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं पर उठाई आवाज
पूरनपुर,पीलीभीत।ट्रांस शारदा क्षेत्र में हर साल नेपाल की नदियों से आने वाली बाढ़ और शारदा कटान से परेशान किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने तहसीलदार पूरनपुर से मुलाकात की। संगठन के युवा तहसील अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने बाढ़ पीड़ित किसानों व मजदूर साथियों के साथ तहसील पहुंचकर समस्याओं को विस्तार से रखा और दोषी सिंचाई विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।गुरप्रीत सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग के कुछ अधिकारी इस सच्चाई को स्वीकारने से लगातार इंकार कर रहे हैं कि ट्रांस शारदा क्षेत्र में नेपाल की नदियों का पानी प्रवेश करता है, जबकि महाकाली नदी, जगपुरा नदी, बामनी नदी, मोहन नदी, डहावर नदी, सुई नदी, पथरिया नदी, स्याली नदी, राधा नदी, सुनवरा नदी और वनारा नदी सहित दर्जनों धाराओं का संयुक्त पानी हर साल बाढ़ की विभीषिका को जन्म देता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, जो किसानों की समस्या को नज़रअंदाज कर रहे हैं।ब्लॉक अध्यक्ष मनजीत सिंह ने वार्ता के दौरान कहा कि जिन किसानों की जमीन कटान में बह गई है, उन्हें जमीन के बदले जमीन दी जाए। वहीं जिनकी फसलें बाढ़ में बर्बाद हुई हैं, उन्हें ₹1,00,000 प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जाए ताकि वे अपनी जीविका चला सकें।किसानों ने तहसीलदार को उन पीड़ित परिवारों की सूची भी सौंपी जिनकी भूमि शारदा नदी की कटान में समा गई है। इस पर तहसीलदार पूरनपुर ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा और राहत देने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी किसान का नाम सर्वे में छूट गया है तो दो दिनों के भीतर उनकी सूची प्रस्तुत की जाए, ताकि उन्हें ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से राहत दिलाई जा सके।इस मौके पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष मनजीत सिंह, तहसील प्रभारी हरदेव सिंह, युवा तहसील अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह, हाजी रियाजत नूर खान, अकरम, बलकार सिंह,चरनजीत सिंह, राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में किसान और मजदूर साथी मौजूद रहे।




