शेरपुर में अदब व शानो-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

शेरपुर में अदब व शानो-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
ईद मिलादुन्नबी पर नगर से लेकर देहात तक श्रद्धा और जोश, जगह-जगह हुआ स्वागत
पूरनपुर,पीलीभीत। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम के यौमे विलादत (ईद मिलादुन्नबी) के मौके पर शुक्रवार को जिलेभर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।पूरनपुर नगर और शेरपुर कला में सुबह आठ बजे विशाल जुलूस रवाना हुआ। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।जुलूस के दौरान “सरकार की आमद मरहबा” की सदाएं गूंजती रहीं। गली-मोहल्लों से आशिकाने रसूल टोलियों में परचम लहराते हुए जुलूस में शामिल हुए। मार्ग में स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया और तबर्रूक तकसीम किया गया। पूरा नगर और ग्रामीण क्षेत्र जश्न की रौनक से सराबोर दिखा।जगह जगह लंगर का भी इंतजाम किया गया था।जुलूस में शामिल उलमा-ए-किराम ने तकरीर कर नबी-ए-करीम की सीरत पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब ऐसे दौर में इस धरती पर आए जब समाज बुराइयों से घिरा हुआ था। उन्होंने अल्लाह का संदेश देकर इंसानियत,अमन और भाईचारे की राह दिखाई। उलमा ने युवाओं से नेक राह पर चलने और नबी की शिक्षाओं को अपनाने की अपील की। इस मौके पर लोगों ने घरों में तरह-तरह के पकवान बनाकर फातिहाख्वाही कराई।पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई। अधिकारियों ने जुलूस मार्ग पर खुद निगरानी रखी। जुलूस में जामा मस्जिद के इमाम जियाउल मुस्तफा,कुरैशियान मस्जिद के इमाम मौलाना साजिद रजा, नूरी मस्जिद के इमाम मौलाना हसमत रजा, सुनहरी मस्जिद इमाम हाफिज कारी अरशद रजा, इमाम हाफिज अनीस,इमाम आसिफ रजा,रजा नगर मस्जिद इमाम,मौलाना वासिल जफर, कारी बजरूल कमर हसन,मुस्तफा रजा, हाफिज अमन रजा,हाफिज इरफान, हाफिज रेहान,कारी जावेद सहित भारी संख्या मे अकीदतमंद रहे।




