शास्त्री नगर व हजारा में बाढ़ से हाहाकार, घरों व रास्तों में 5 फीट तक पानी, पुल क्षतिग्रस्त

शास्त्री नगर व हजारा में बाढ़ से हाहाकार, घरों व रास्तों में 5 फीट तक पानी, पुल क्षतिग्रस्त
पूरनपुर,पीलीभीत।शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर से शास्त्री नगर और हजारा क्षेत्र के हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। सोमवार को शास्त्री नगर से हजारा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर 4 से 5 फीट तक पानी का तेज बहाव होने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं, दोनों गांवों के घरों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है, जिससे लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं।शास्त्री नगर से विद्या सिंह के घर की ओर जाने वाला मार्ग पुल के पास क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके चलते आवागमन पूरी तरह से अवरुद्ध है। इधर, गौरव भारती के घर के पास खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर 7 से 8 फीट तक पानी का उफान देखने को मिला।इसके अलावा, जितेंद्र और कुरेशा खातून के घर के पास स्थित मार्ग भी कटकर नाले में तब्दील हो गए हैं। अब गांव से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार पानी बढ़ने से वे पूरी तरह से दहशत में हैं।हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कटहल के निकट बना पुल भी खतरे के निशान पर है, जिसके ऊपर से पानी का बहाव शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि पानी का दबाव ऐसे ही बना रहा तो यह पुल भी कभी भी टूट सकता है।स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल राहत और सुरक्षित निकासी की मांग कर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।




