सचिव राजस्व विभाग नाव से पहुंचे शारदा पार, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राशन किटें

सचिव राजस्व विभाग नाव से पहुंचे शारदा पार, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राशन किटें
कलीनगर,पीलीभीत।बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने की कड़ी में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व विभाग के सचिव रामकेवल स्वयं नाव पर सवार होकर ग्राम नगरिया खुर्द कला पहुंचे।यहां उन्होंने ग्रामीणों को राशन किट वितरित कीं और उनकी समस्याओं को नजदीक से सुना। शारदा नदी पार बसे इस गांव में आवागमन बाधित होने के कारण राहत सामग्री पहुंचाना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।सचिव राजस्व विभाग ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए नाव पर बैठकर राशन सामग्री जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई। इस दौरान तहसीलदार कलीनगर और ग्राम प्रधान विवेकानंद भी मौजूद रहे।ग्रामवासियों ने सचिव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में शासन-प्रशासन की ओर से मिली यह मदद उनके लिए संबल साबित होगी। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है और खेत-खलिहान जलमग्न हो गए हैं।सचिव रामकेवल ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वासन दिया कि शासन की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी।उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में किसी भी परिवार को राशन, दवा या अन्य जरूरी सामान की कमी न होने पाए।गांव में पहुंचकर सचिव द्वारा किया गया यह प्रयास ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।लोगों का कहना था कि उच्च अधिकारी का खुद नाव पर बैठकर गांव में पहुंचना और मदद पहुंचाना वास्तव में सराहनीय कदम है।




