
पलिया मार्ग पर सड़क हादसा: बाइक डललप से टकराई, एक की मौत,दूसरा गंभीर
पीलीभीत।लखीमपुर खीरी।भीरा-पलिया मार्ग पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम कचनारा के पास सड़क किनारे खड़े डललप (ट्रॉली) से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे दुकानदार की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे यह हादसा हुआ।मृतक की पहचान सलीमुद्दीन (44 वर्ष) निवासी.शेरपुर कलां थाना पूरनपुर के रूप में हुई है। वह रोज़ की तरह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।उनके साथ बाइक पर बैठे गब्बर, निवासी शेरपुर,थाना पूरनपुर, भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
कचनारा गांव के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े डललप (ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली) से टकरा गई।सूचना मिलते ही भीरा थानाध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।दोनों घायलों को एंबुलेंस से पलिया सीएचसी ले जाया गया।डॉक्टरों ने सलीमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।गंभीर रूप से घायल गब्बर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।इसी बीच, ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद ट्रॉली (डललप) मौके पर छोड़कर ट्रैक्टर समेत फरार हो गया।पलिया पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी।रात में पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेजा गया बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव शेरपुर लाया गया।जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई।हर किसी की आंखें नम थीं, माहौल गमगीन हो गया।दोपहर करीब 2 बजे नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई और मृतक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।हादसे ने मृतक के परिवार और पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। लोग सड़क किनारे लापरवाही से खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली और प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठा रहे हैं।



