पीलीभीत पुलिस एवं एसटीएफ नोएडा यूनिट को मिली बड़ी सफलता, पचास हजार का इनामी गिरफ्तार
पीलीभीत से कोरोना काल के समय कोविड वार्ड से खिड़की से कूदकर हुआ था फरार

पीलीभीत से कोरोना काल के समय कोविड वार्ड से खिड़की से कूदकर हुआ था फरार
ब्यूरो, पीलीभीत।
थाना कोतवाली पुलिस और एसटीएफ नोएडा यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आखिरकार 50 हजार रुपये के इनामी और मफरूर गैंगस्टर अपराधी शशांक बजाज उर्फ शेलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई ने पुलिस की बड़ी सफलता दर्ज कराई है।गैंगस्टर शशांक बजाज मूल निवासी पनवाड़ी शिव मंदिर, थाना कोतवाली शहर, जिला बदायूं है और वर्तमान समय में वह लुधियाना (पंजाब) में बजाज एंक्लेव में रह रहा था। उसे एसटीएफ नोएडा टीम ने 1 सितम्बर को कस्बा साहनेवाल, लुधियाना से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को जेल भेज दिया गया। वही आरोपीशशांक बजाज को हत्या समेत कई संगीन मुकदमों में दोषी पाए जाने के बाद जिला कारागार बरेली में निरुद्ध किया गया था। कोरोना संक्रमण के दौरान उसे जिला महिला चिकित्सालय, पीलीभीत में बने कोविड वार्ड में रखा गया था, जहां से 26/27 सितम्बर 2020 की रात को वह खिड़की से कूदकर फरार हो गया था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच, पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र ने अभियुक्त पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। गिरफ्तार शशांक बजाज पर हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और महामारी अधिनियम समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए इनामी आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।इस बड़ी गिरफ्तारी में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनवीर सिंह, एसटीएफ नोएडा यूनिट के उपनिरीक्षक अक्षय पी.के. त्यागी, हेड कांस्टेबल जय कुमार, मुकेश कुमार, राजन कुमार, सुनील कुमार और अंकुर सिंह की अहम भूमिका रही।
————————————————————-




