
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सक्रिय पुलिस, सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी

पूरनपुर,पीलीभीत।
आई लव मोहम्मद विवाद के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर जिले में हाईअलर्ट घोषित किया गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों की सभी मस्जिदों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। खुफिया विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है। पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सोशल मीडिया पर भी पुलिस कड़ी निगरानी कर रही है। एसपी के आदेश पर थाना सेहरामऊ उत्तरी प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ फ्लैगमार्च निकाला। पुलिस की गाड़ियों का काफिला सेहरामऊ उत्तरी गांव से निकलते हुए जोगराजपुर होते हुए रायपुर विचपुरी, गोरा, धनेगा, केसरपुर कलां गांव पहुंचा। इस दौरान मुख्य मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल ने फ्लैग मार्च कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। बिना अनुमति जुलूस निकालने या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नागरिकों से अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने को कहा गया है।मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्र वाईकरते हुए तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा। हाल ही में सेहरामऊ पुलिस ने सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने बताया कि नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या पोस्ट को तुरंत रोका जा सके।




