जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा,हर संभव मदद का भरोसा

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा,हर संभव मदद का भरोसा
पीलीभीत।जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने गुरुवार को बीसलपुर क्षेत्र के अर्जुनपुर से गोबलपतिपुरा तक का दौरा किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ऋतु पूनिया भी साथ रहीं।चंपावत और उधम सिंह नगर में मूसलाधार बारिश का असर पीलीभीत जिले पर भी देखने को मिला है। अर्जुनपुर समेत कई गांव बाढ़ से जूझ रहे हैं। डीएम व एसपी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से उनका हालचाल जाना।जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी हाल में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहेगा। इसके लिए कम्युनिटी किचन संचालित किए गए हैं और लोगों तक भोजन के पैकेट व खाद्यान्न सामग्री लगातार पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिरौनियां में अस्थाई गौशाला का भी दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद पशुओं के लिए चारे और पानी की उपलब्धता पर संतोष जताया।डीएम ने सदर तहसील में संचालित कम्युनिटी किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ पीड़ितों को गुणवत्तापूर्ण भोजन व राहत सामग्री मुहैया कराई जाए। खाद्यान्न किट की भी जांच की गई।इस मौके पर उप जिलाधिकारी बीसलपुर, तहसीलदार बीसलपुर, सीओ बीसलपुर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




