हादसे में घायल युवक के लिए फरिश्ता बने भीम आर्मी के कार्यकर्ता

हादसे में घायल युवक के लिए फरिश्ता बने भीम आर्मी के कार्यकर्ता
हजारा,पीलीभीत।हजारा थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर मुरैनिया गांधीनगर मार्ग पर सोमवार को एक पिकअप वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा।घटना के समय आसपास मौजूद सैकड़ों लोग तमाशबीन बने खड़े रहे, लेकिन किसी ने भी मदद के लिए हाथ आगे नहीं बढ़ाया।इसी बीच भीम आर्मी के मंडल प्रचारक बरेली निवासी सुभाष गौतम अपनी टीम के साथ वहां से गुजरे। उन्होंने बिना देर किए घायल को उठाया और तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। साथ ही घायल के परिजनों को घटना की सूचना दी। समय रहते मिली इस मदद से घायल की जान बचाई जा सकी।स्थानीय लोगों का कहना है कि आमतौर पर सड़क हादसों के बाद लोग भीड़ तो लगा देते हैं,लेकिन मदद को कोई आगे नहीं आता। ऐसे में सुभाष गौतम और उनकी टीम का यह कदम इंसानियत की मिसाल है।गौरतलब है कि सुभाष गौतम पहले भी कई सामाजिक व मानवीय कार्यों के चलते चर्चित रह चुके हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर उन्होंने साबित किया कि इंसानियत आज भी जिंदा है।




