
गुरुद्वारे से बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद का काफिला रवाना
पूरनपुर से पंजाब भेजी गई राहत सामग्री
पूरनपुर,पीलीभीत।पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए पूरनपुर के सिंह सभा गुरुद्वारा से रविवार दोपहर राहत सामग्री से भरे वाहन रवाना किए गए। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की अगुवाई में संगत और स्थानीय लोगों ने हाथ जोड़कर इन गाड़ियों को आगे बढ़ाया।
इस सामग्री में आटा, चावल, दाल,कपड़े, दवाइयां और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं शामिल थीं।समिति पदाधिकारियों ने बताया कि राहत सामग्री को जुटाने में आसपास के गांवों, संगत और एनआरआई भाइयों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। उनका कहना था कि मुश्किल समय में पीड़ितों की सहायता करना ही सबसे बड़ा धर्म है।राहत सामग्री भेजते समय गुरुद्वारे पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। मौके पर युवाओं ने पैकेट बनाने से लेकर वाहनों में लोडिंग तक सक्रिय भूमिका निभाई।गुरुद्वारा प्रबंधकों ने कहा कि सेवा की परंपरा ही सिख धर्म का मूल है और यही भावना समाज को जोड़कर रखती है। उन्होंने भरोसा जताया कि ज़रूरत पड़ने पर आगे भी मदद भेजी जाएगी।इस अवसर पर भाकियू टिकैत गुट के प्रदेश सचिव स्वराज सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और जिम्मेदार लोग भी पहुंचे और उन्होंने इस सामूहिक प्रयास की सराहना की।बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने कहा कि इस पहल से नई पीढ़ी भी सेवा और इंसानियत के महत्व को समझेगी। पूरनपुर में मौजूद संगत ने इस प्रयास को “इंसानियत की सबसे बड़ी जीत” बताया और उम्मीद जताई कि राहत सामग्री से बाढ़ पीड़ित परिवारों को जल्द राहत मिलेगी और वे अपने जीवन को फिर से पटरी पर ला सकेंगे।




