गोवंशीय पशुओं के आतंक पर जिम्मेदार खामोश, अधिवक्ता बने किसानों की ढाल, लाठी लेकर कर रहे फसल की रखवाली

गोवंशीय पशुओं के आतंक पर जिम्मेदार खामोश, फसल बचाने को अधिवक्ता विष्णुकांत यादव किसानों संग बने चौकीदार
पीलीभीत। कलीनगर क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं की बढ़ती संख्या किसानों और ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। दिन में नगर की मुख्य सड़कों पर इनका आतंक और रात में खेतों पर हमले का खतरा किसानों की नींद हराम कर रहा है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि अब किसान परिवार की नींद छोड़कर रात-रात भर खेतों में चौकीदारी करने को मजबूर हैं। लोगो का कहना है कि पशुओं की संख्या अनियंत्रित होती जा रही है। मेहनत से लहलहाई फसलें आए दिन इनके हमलों की भेंट चढ़ रही हैं। मजबूरी में किसान लाठी-डंडे लेकर खेतों की रखवाली कर रहे हैं। इस समस्या को लेकर कलीनगर निवासी अधिवक्ता विष्णुकांत यादव खुद किसानों के बीच उतर आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर डीएम सहित अन्य अफसरों को शिकायत भेजी और वायरल संदेशों व तस्वीरों के जरिए किसानों की दुर्दशा उजागर की। तस्वीरों में अधिवक्ता स्वयं किसानों संग लाठी लेकर खेतों की रखवाली करते दिखाई दे रहे हैं। लोगो का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी और लापरवाही के चलते हालात बेकाबू हो रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो उनकी मेहनत पूरी तरह बरबाद हो जाएगी।




