गौशाला में लापरवाही! धूप में पड़ा रहा मृत गौवंश, प्रशासन के आदेशों की उड़ाई धज्जियां

गौशाला में लापरवाही! धूप में पड़ा रहा मृत गौवंश, प्रशासन के आदेशों की उड़ाई धज्जियां
पीलीभीत। विकास खंड मरौरी की ग्राम पंचायत मोहनपुर की गौशाला में जिम्मेदारों की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। देर रात एक गौवंश की मौत हो गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक न तो गौशाला कर्मचारी, न ग्राम प्रधान और न ही ग्राम पंचायत सचिव ने मृतक पशु का अंतिम संस्कार कराया। मृत गौवंश कई घंटों तक धूप में पड़ा रहा, जबकि इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों को भलीभांति थी।।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारी द्वारा मृत पशुओं के तत्काल अंतिम संस्कार के लिए दिए गए आदेशों को बार-बार अनदेखा किया जा रहा है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री स्तर से गौशालाओं के लिए पर्याप्त बजट और संसाधन उपलब्ध कराए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर लापरवाही का आलम यह है कि मृत पशुओं की देखभाल तक नहीं हो पा रही। ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, पहले भी गौशाला में मृत पशुओं को लेकर लापरवाही की जा चुकी है। बावजूद इसके, प्रशासन की ओर से कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। यही कारण है कि जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी बेखौफ होकर आदेशों को ताक पर रख रहे हैं। नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मामले पर खंड विकास अधिकारी लियाकत अली का कहना है कि “कल एक पशु की मौत हुई थी, जिसे गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।”




