ड्रोन से लिया गया शारदा नदी कटान का जायजा,ग्रामीणों को मिला कार्यवाही का आश्वासन

ड्रोन से लिया गया शारदा नदी कटान का जायजा,ग्रामीणों को मिला कार्यवाही का आश्वासन
पूरनपुर,पीलीभीत।ध्रुव कॉलोनी और खिरकिया बरगदिया के ग्रामीणों ने रविवार को शारदा नदी से हो रहे कटान और बाढ़ के खतरे से बचाव की माँग को लेकर धरना शुरू किया था। ग्रामीणों का कहना था कि हर साल बरसात के मौसम में नदी का पानी गाँव के करीब पहुँच जाता है और कटान तेज़ होने से उनकी खेती की जमीन और मकान खतरे में पड़ जाते हैं।धरना स्थल पर पहुँची राजस्व विभाग और बाढ़ खंड की टीम ने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया था कि कटान रोकने के लिए जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान उपजिलाधिकारी खिरकिया और बाढ़ खंड अधिकारी सोमवार को भी मौके पर पहुँचे।अधिकारियों ने ड्रोन कैमरे से कटान प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और वास्तविक स्थिति का आकलन किया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर तटबंध को मजबूत करने और कटान रोकने के प्रयास तेज़ किए जाएंगे।बरसात का मौसम आते ही शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने लगता है और उसके साथ ही गाँवों के ऊपर संकट के बादल मंडराने लगते हैं। ध्रुव कॉलोनी और खिरकिया बरगदिया जैसे गाँवों में लोग इस समय कटान और बाढ़ की आशंका से हर रोज़ जूझते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि हर साल हमारी जमीन कटकर बह जाती है, कई लोगों के मकान भी खतरे में हैं। हम पूरे साल मेहनत करते हैं लेकिन बरसात आते ही सब कुछ पानी में समा जाने का डर बना रहता है।कई परिवारों ने पिछले वर्षों में अपनी खेती की उपजाऊ जमीन खो दी है और अब उनके पास रोज़गार का संकट खड़ा हो गया है।बुजुर्ग ग्रामीण बताते हैं कि इस क्षेत्र में वर्षों से कटान रोकने की ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है।ग्रामीणों की माँग है कि प्रशासन केवल निरीक्षण तक सीमित न रहे बल्कि स्थायी समाधान निकाले ताकि उन्हें हर बरसात में घर उजड़ने और जमीन बहने के डर से मुक्ति मिल सके।हम चाहते हैं कि बच्चे पढ़ाई करें, परिवार सुरक्षित रहे, लेकिन हर साल डर के साए में जीना पड़ता है।




