धूमधाम से निकली गणेश विसर्जन यात्रा, जयकारों से गूंजा बिलसंडा

धूमधाम से निकली गणेश विसर्जन यात्रा, जयकारों से गुंजा बिलसंडा
बिलसंडा (पीलीभीत)। बिलसंडा में भगवान गणेश की विसर्जन यात्राओ बड़े धूमधाम से निकाली गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मुस्तैद रहा। यात्रा के समापन के बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा का शुभारंभ देवीस्थान मंदिर में गणपति पूजन और आरती के साथ हुआ। इसके बाद शोभायात्रा नगर के मोहल्ला देवीस्थान, हाथीखाना, कॉलेज रोड, मुख्य बाजार और गोला रोड से होती हुई खन्नौत नदी के तट पर पहुंची। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह पुष्पवर्षा और अबीर-गुलाल से भक्तों का स्वागत किया गया। श्रद्धालु बप्पा के भजनों पर झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। चेयरमैन डीके गुप्ता ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की और श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल वितरण की व्यवस्था कराई। भाजपा नेता सुमित गुप्ता ने भगवान गणेश की मूर्तियों को भगवा वस्त्र भेंट किए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।यात्रा मार्ग में जगह-जगह मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हुआ, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खन्नौत नदी के तट पर पुलिस की देखरेख में गणपति प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया गया।विसर्जन के बाद गणेश महोत्सव कमेटी की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान अध्यक्ष राजीव मिश्रा, नवनीत मिश्रा, आशीष सक्सेना, विकास शर्मा, दिलावर, मनोज अवस्थी, नीलेश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्वयंसेवक मौजूद रहे।




