बीसलपुर की जर्जर सड़कें, पानी-बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का काफिला रोका, आज़ाद समाज पार्टी व भीम आर्मी ने सौंपा ज्ञापन

बीसलपुर,पीलीभीत।
बीसलपुर क्षेत्र की उपेक्षित समस्याओं ने आखिरकार ग्रामीणों का सब्र तोड़ दिया। शुक्रवार को ग्राम पुरैना में ग्रामीणों ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री तथा पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद के काफिले को रोक लिया और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर उन्हें ज्ञापन सौंपा।आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीण काले झंडे दिखाकर विरोध करने पहुंचे थे। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद विरोध ज्ञापन सौंपने में तब्दील हुआ। ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से टूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, पेयजल संकट गहराता जा रहा है और बिजली की अनियमित आपूर्ति ने जीवन दुश्वार कर दिया है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा।प्रदर्शन का नेतृत्व आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश सचिव नईम रज़ा, भीम आर्मी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट राजा राम माथुर और तहसील संयोजक हरीश गंगवार ने किया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण और पदाधिकारी मौजूद रहे।नईम रज़ा ने कहा— “यह हमारी एकजुटता का प्रतीक है। जब तक सड़क, पानी और बिजली की समस्या का स्थायी हल नहीं निकलता, आंदोलन जारी रहेगा।”इस पर मंत्री जितिन प्रसाद ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को मंत्रालय स्तर पर प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। यह घटना बीसलपुर क्षेत्र में दलित अधिकारों और ग्रामीण विकास की आवाज़ को मजबूती से सामने लाने वाला बड़ा संकेत मानी जा रही है।
——————————————————————




