यूरिया-डीएपी की किल्लत और गन्ना भुगतान को लेकर भाकियू अराजनैतिक की पंचायत

यूरिया-डीएपी की किल्लत और गन्ना भुगतान को लेकर भाकियू अराजनैतिक की पंचायत
पीलीभीत।भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक पंचायत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने की, जबकि संचालन जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने किया।पंचायत को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने कहा कि जनपद में यूरिया व डीएपी की भारी किल्लत बनी हुई है। साथ ही बजाज हिंदुस्तान लिमिटेड बरखेड़ा व बजाज हिंदुस्तान लिमिटेड मकसूदापुर चीनी मिलों द्वारा गन्ना एक्ट के अनुसार भुगतान अब तक नहीं कराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र नहीं किया गया तो चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होगा।पंचायत में यह भी कहा गया कि जिले में धान व गन्ना समेत कई फसलों में रोग फैल रहे हैं, लेकिन कृषि एवं गन्ना विभाग के अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। संगठन ने मांग की कि संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान लेकर किसानों की समस्या दूर करें।बैठक में तहसील पूरनपुर के ग्राम नहरोसा फॉर्म, कबीरगंज आदि क्षेत्रों में बाघों के आतंक का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया गया। किसानों ने बताया कि आए दिन बाघ किसानों पर जानलेवा हमले कर रहे हैं जिससे कई लोगों की जान जा चुकी है। वन विभाग से तत्काल टीम गठित कर बाघों को पकड़ने की मांग की गई।इन मांगों को लेकर भाकियू अराजनैतिक ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा।ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह, जिला प्रभारी दिनेश कुमार, सरदार बलजीत सिंह,सरदार निर्मल सिंह, तहसील अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, रामकृपाल, रेशमा देवी, पवन कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




