शिक्षा के लिए संघर्ष लाया रंग,ट्रांस शारदा में खुलेगा डिग्री कॉलेज
शारदा क्षेत्र में नहीं भटकेंगे अब छात्र-छात्राएं

शिक्षा के लिए संघर्ष लाया रंग,ट्रांस शारदा में खुलेगा डिग्री कॉलेज
शारदा क्षेत्र में नहीं भटकेंगे अब छात्र-छात्राएं
पूरनपुर,पीलीभीत। शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े ट्रांस शारदा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। इस क्षेत्र की 17 ग्राम पंचायतों में अब तक एक भी डिग्री कॉलेज नहीं था, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता था। इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायक बाबूराम पासवान और जिला पंचायत सदस्य मनजीत सिंह ने 30 जुलाई को लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और इस क्षेत्र में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मांग को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए तत्काल डिग्री कॉलेज खोलने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में आज जनपद पीलीभीत उपाधि महाविद्यालय के प्रधानाचार्य को ट्रांस शारदा क्षेत्र में डिग्री कॉलेज खोलने की कार्रवाई में नियुक्त किया गया है।गुरूवार को जिला पंचायत सदस्य मनजीत सिंह ने उपाधि महाविद्यालय के प्रधानाचार्य को ट्रांस शारदा क्षेत्र की भौगोलिक और शैक्षिक स्थिति की विस्तृत जानकारी दी,ताकि कॉलेज की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान और सुविधाओं का चयन किया जा सके।मनजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया,अगर इस क्षेत्र में डिग्री कॉलेज खुलता है तो यहां के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए पूरनपुर और पीलीभीत के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। फिलहाल बरसात के मौसम में विद्यार्थियों को पूरनपुर तक पहुंचने के लिए करीब 120 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है,जो अत्यंत कष्टदायक है।इस निर्णय से ट्रांस शारदा क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की दिशा में नई राह मिलेगी और शिक्षा के क्षेत्र में यह एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकता है।




